रायपुर, 24 फरवरी: छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। सोमवार को हुई बारिश से प्रदेश में ठंडक लौट आई है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की भी संभावना बनी हुई है।
प्रदेश में सोमवार को कुछ इलाकों में अति हल्की से हल्की वर्षा हुई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.7°C जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.0°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान में पहले 2°C तक गिरावट और उसके बाद 2–3°C तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले सात दिनों तक किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है, जो अगले 24 घंटों में उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ते हुए कमजोर पड़ सकता है।
साथ ही गंगेटिक पश्चिम बंगाल से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक ओडिशा होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक एक द्रोणिका भी सक्रिय है।
24 फरवरी का पूर्वानुमान
प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना अधिक है। कुछ स्थानों पर वज्रपात भी हो सकता है। न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 24 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम तापमान 20°C के आसपास रहने का अनुमान है।





