July 29, 2026

CG Weather Update: तीन दिन तक अंधड़-बारिश के आसार, गर्मी से राहत बरकरार, रायपुर में आज छाए रहेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जून महीने की शुरुआत राहत भरे मौसम के साथ हुई है। प्रदेशभर में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से भीषण गर्मी का प्रभाव कम हुआ है। उत्तर-पश्चिम से आने वाली गर्म हवाओं पर रोक लगने के कारण राजधानी रायपुर समेत कई जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में अंधड़ और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री कम होकर 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। तापमान में कमी आने से दिन के समय गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम महसूस हुआ। दोपहर के दौरान बादलों की आवाजाही रही, हालांकि राजधानी में बारिश नहीं हुई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान गरियाबंद, बस्तर और सूरजपुर जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन दोपहर बाद अंधड़ और बारिश जैसी गतिविधियां जारी रह सकती हैं। आने वाले दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, फिर भी बारिश और बादलों की मौजूदगी से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मंगलवार को रायपुर में मौसम सुहाना बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के संकेत दिए हैं। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश और अंधड़ के कारण मौसम में ठंडक बनी रह सकती है।