रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है। अंबिकापुर, सूरजपुर सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। वहीं रायपुर समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में प्रदेश में तेज हवा, गरज-चमक, वज्रपात और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। कई इलाकों में तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
27 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए प्रदेश के 27 जिलों में बारिश, तेज हवा, आकाशीय बिजली और बादल गरजने का अलर्ट जारी किया है।
जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली समेत अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में आज मौसम का हाल
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम में बदलाव के चलते आने वाले दिनों में गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





