रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के आगमन का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। जून का पहला पखवाड़ा बीतने के बाद भी रायपुर समेत प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में गर्मी का असर बना हुआ है। तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा और मेघगर्जन की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार द्रोणिका के प्रभाव से सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी हैं, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता अभी कमजोर बनी हुई है।
कई जिलों में हुई हल्की से मध्यम बारिश
सोमवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर बारिश सूरजपुर जिले के ओड़गी में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रामानुजनगर, प्रतापपुर और जशपुर जिले के कांसाबेल में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई।
बलरामपुर, कोरबा के पाली और करतला, बलौदाबाजार के गिधौरी-टुंड्रा, सूरजपुर के प्रेमनगर तथा रायगढ़ जिले के मुकडेगा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बेमेतरा सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बेमेतरा में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा—
- रायपुर – 39.0 डिग्री सेल्सियस
- माना – 39.7 डिग्री सेल्सियस
- बिलासपुर – 39.7 डिग्री सेल्सियस
- पेंड्रा – 37.0 डिग्री सेल्सियस
- अंबिकापुर – 36.8 डिग्री सेल्सियस
- जगदलपुर – 38.3 डिग्री सेल्सियस
- दुर्ग – 41.2 डिग्री सेल्सियस
रायपुर में बादल, बारिश और अंधड़ की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। इसके बावजूद लोगों को उमस से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद कम है।
रायपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।





