रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिलीं, जिसके चलते तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर और बस्तर संभाग के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक प्रदेश में हल्की बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बिलासपुर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रायपुर में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी, पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर छत्तीसगढ़ पर पड़ रहा है। शनिवार को रायपुर में 62.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, वहीं बस्तर संभाग के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण, पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिम विदर्भ से मन्नार की खाड़ी तक बनी द्रोणिका के कारण प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है। इसी वजह से मौसम में बदलाव बना हुआ है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को रायपुर में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।





