रायपुर। भीषण गर्मी के बीच मई महीने में मौसम का मिजाज अचानक बदलता नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और छींटे पड़ने की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई है। सुकमा और जगरगुंडा में 2-2 सेमी, जबकि जगदलपुर में 1 सेमी बारिश हुई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44°C और सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 21.3°C दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, विभिन्न मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। उत्तर पाकिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ, पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण और पंजाब से नागालैंड तक फैली द्रोणिका का असर प्रदेश पर पड़ रहा है। इसके चलते कहीं-कहीं ओलावृष्टि, गरज-चमक, वज्रपात और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
रायपुर का मौसम आज
राजधानी रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 42°C और न्यूनतम तापमान 27°C के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, इन बदलावों के चलते आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।





