July 31, 2026

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा और रायगढ़ जिले के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई है।

बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सक्रिय हैं कई मौसमीय सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान से लेकर उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड होते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल तक एक मौसमी द्रोणिका (ट्रफ) बनी हुई है। वहीं मध्य प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन सिस्टमों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।

आज कैसा रहेगा मौसम?

प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। साथ ही कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

अगले दो दिनों का पूर्वानुमान

अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में 25 जून को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।