रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के एक-दो स्थानों पर आज हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। विभाग का कहना है कि 4 अप्रैल तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
सोमवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। उत्तर ईरान और कैस्पियन सागर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि पंजाब-हरियाणा क्षेत्र में प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तक एक द्रोणिका विस्तारित है।
पूर्वी भारत में भी एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका उत्तर-पूर्व बिहार से मणिपुर तक फैली हुई है। इसके अलावा पश्चिमी विदर्भ से दक्षिण तमिलनाडु और बिहार से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक अन्य द्रोणिकाएं सक्रिय हैं। इन सभी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च को प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है। साथ ही अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, हालांकि इसमें कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
रायपुर का मौसम:
राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।





