छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भी कई इलाकों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग रायपुर केंद्र के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से क्रमशः 4 और 4.7 डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं सुबह 8:30 बजे तक शहर में 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक कुटरू में 5 सेंटीमीटर, लाभांडीह में 4 सेंटीमीटर और रायपुर में 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भटगांव, सरिया और बिलाईगढ़ में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। बिलासपुर, मोहला, सारंगढ़, माना-रायपुर, लोरमी, कुनकुरी और बगीचा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम बदलने की वजह क्या है?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी तेलंगाना के आसपास चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
हालांकि विभाग ने यह भी कहा है कि आज से मेघगर्जन की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार 7 मई को रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





