May 14, 2026

Chhattisgarh में बदलेगा मौसम का मिजाज: आंधी-बारिश के आसार, तापमान में 3°C तक गिरावट संभव

रायपुर: Chhattisgarh में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पिछले 24 घंटों में तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन कुछ इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों में प्रदेशभर में आंधी, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, हालांकि इसके बाद फिर धीरे-धीरे तापमान बढ़ सकता है।

सोमवार को गादीरास में 2 सेमी और जगरगुंडा, दरभा, लोहांडीगुड़ा व नारायणपुर में 1 सेमी तक बारिश हुई। वहीं सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 44°C दर्ज किया गया, जबकि पेण्ड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21°C रहा।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ, दो चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

यलो अलर्ट जारी:
जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज हवा (30–40 किमी/घंटा), गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है।

रायपुर का मौसम:
Raipur में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम 28°C के आसपास रह सकता है।