रायपुर:
फरवरी के तीसरे दिन ही छत्तीसगढ़ में गर्मी के तेवर दिखने लगे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रायपुर, सुकमा और राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि बीती रात मौसम में किसी तरह का खास बदलाव महसूस नहीं किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाला पश्चिमी विक्षोभ 5 फरवरी के बाद 8 फरवरी को फिर सक्रिय हो सकता है।
सुबह ठंड, दोपहर में गर्मी का अहसास
राज्य में फिलहाल सुबह के समय हल्की ठंड के कारण गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो रही है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, धूप तेज असर दिखाने लगती है। पिछले तीन दिनों से रायपुर के साथ-साथ राजनांदगांव भी सबसे गर्म शहरों की सूची में शामिल हो गया है। मंगलवार को दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं पेंड्रा, जगदलपुर और माना में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
सरगुजा-बिलासपुर संभाग में हल्की बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके प्रभाव से 4 फरवरी को सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। हालांकि प्रदेश के न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 5 फरवरी और दूसरा 8 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है।
Raipur Weather Today: आज रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज सुबह के वक्त धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। दोपहर में गर्मी का अहसास रहेगा, जबकि रात में हल्की ठंड से अभी राहत नहीं मिलेगी।





