रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था, लेकिन अब मौसम को प्रभावित करने वाला सिस्टम कमजोर पड़ गया है। इसके चलते प्रदेश में एक बार फिर तापमान बढ़ने की संभावना बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो सकती है, जबकि आने वाले 4 दिनों में पारा करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
सोमवार को रायपुर समेत कई जिलों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है।
प्रदेश में सोमवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
26 मई के बाद केरल पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई के बाद केरल पहुंचने की संभावना है। हालांकि इसमें 4 दिन तक की मॉडल त्रुटि संभव बताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसका असर मौसम पर देखने को मिल रहा है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि शाम के समय कुछ इलाकों में बादल छाने और तेज हवाएं चलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।





