रायपुर, 26 फरवरी। छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद मौसम में विशेष बदलाव के संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा।
मौसम सारांश
बीते 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। प्रदेश में कहीं भी उल्लेखनीय वर्षा नहीं हुई।
सिनोप्टिक सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिमी तमिलनाडु से मध्य महाराष्ट्र तक, आंतरिक कर्नाटक होते हुए समुद्र तल से लगभग 0.9 किमी ऊंचाई पर एक निम्न दाब रेखा सक्रिय है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में 5.8 किमी ऊंचाई पर 49°E और 32°N पर स्थित है। यह सिस्टम 2 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से 1 मार्च से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना बन रही है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
प्रदेश में आज मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों में हल्की गिरावट के बाद पुनः बढ़ोतरी की संभावना है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में 26 फरवरी को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।





