रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और पूरे प्रदेश को कवर कर चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आज से राज्यभर में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। अगले सात दिनों तक कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, अगले तीन घंटों के लिए 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर में बुधवार को भी आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
3 जुलाई को बन सकता है निम्न दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर 1.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा कुसमी में 9 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पखांजूर में 7 सेमी, चंद्रपुर, मर्दापाल, गिधौरी और टुंड्रा में 5-5 सेमी, शिवरीनारायण, कोटा और दंतेवाड़ा में 4-4 सेमी तथा पौड़ी उपरोड़ा, गीदम, सामरी और दोरनापाल में 3-3 सेमी बारिश हुई।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 36 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
14 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।





