September 4, 2026

महिला साइबर क्राइम पर राज्य महिला आयोग सख्त, अध्यक्ष ममता साहू बोलीं- कार्रवाई न हो तो सीधे IG या आयोग में करें शिकायत

दुर्ग। राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने महिलाओं से जुड़े साइबर क्राइम के मामलों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अश्लील पोस्ट, महिलाओं की गलत तस्वीरें बनाने और AI के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में महिलाएं सीधे आईजी या राज्य महिला आयोग के समक्ष शिकायत कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि कई बार थाने स्तर पर ऐसे मामलों की कार्रवाई को लेकर स्पष्टता नहीं होती, ऐसे में महिलाएं उच्च स्तर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

डॉ. ममता साहू नियुक्ति के बाद पहली बार दुर्ग जिले में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की जनसुनवाई के लिए पहुंचीं। इस दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि महिला आयोग का उद्देश्य केवल मामलों की सुनवाई करना नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा करना भी है।

सोशल मीडिया और AI के दुरुपयोग के मामले बढ़े

महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को परेशान करने के मामले सामने आ रहे हैं। अश्लील पोस्ट करने के साथ ही AI का दुरुपयोग कर महिलाओं की गलत तस्वीरें बनाने जैसे मामलों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य महिला आयोग में पूरे प्रदेश से कुल 786 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें सबसे ज्यादा 430 मामले रायपुर जिले से हैं, जबकि दुर्ग जिले में 68 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

घरेलू हिंसा और कार्यस्थल पर उत्पीड़न के मामले भी शामिल

डॉ. साहू ने बताया कि आयोग के पास आने वाले मामलों में घरेलू हिंसा, टोनही प्रताड़ना और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न सहित महिलाओं से जुड़े कई गंभीर मामले शामिल हैं। इन मामलों को लेकर महिलाओं को उनके अधिकारों और शिकायत की प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कई बार प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने के कारण महिलाएं शिकायत दर्ज कराने के बाद भी परेशान होती रहती हैं। ऐसे में उन्हें सही माध्यम और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देना जरूरी है।

थाने में कार्रवाई नहीं हो तो सखी सेंटर में करें शिकायत

महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि यदि थाने में शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है तो महिलाएं सखी सेंटर में भी शिकायत कर सकती हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर 9098382225 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा राज्य महिला आयोग के ई-मेल के माध्यम से भी प्रकरण दर्ज कराया जा सकता है।

27 मामलों में हुई जनसुनवाई, 3 प्रकरण नस्तीबद्ध

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, सदस्य ओजस्वी मंडावी, सह प्रभारी दीपिका शोरी और सदस्य सरला कोसरिया ने कलेक्टर सभाकक्ष दुर्ग में महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जनसुनवाई की।

अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश स्तर पर यह डॉ. ममता साहू की तीसरी जनसुनवाई थी, जबकि दुर्ग जिले में यह उनकी पहली जनसुनवाई रही। इस दौरान कुल 27 प्रकरणों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 3 प्रकरणों को नस्तीबद्ध किया गया।