September 4, 2026

CG News: महिलाओं को मिल रहा आगे बढ़ने का अवसर, आर्थिक रूप से हो रहीं सशक्त- रूप कुमारी चौधरी

रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि आज महिलाओं को लगातार आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं को अपने खर्च के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं।

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी की मौजूदगी में मीडिया से चर्चा करते हुए रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि भारत भविष्य में विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनेगा और इसमें महिलाओं की भागीदारी भी अहम होगी।

3 करोड़ महिलाएं बनीं लखपति दीदी

रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि देश में करीब 3 करोड़ महिलाएं अब तक ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। आज महिलाएं केवल घर और रसोई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

7.8 प्रतिशत ग्रोथ रेट पर जताई खुशी

देश की आर्थिक वृद्धि दर में 7.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद देश की ग्रोथ रेट में वृद्धि हो रही है। उन्होंने इसे देश के लिए सकारात्मक उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व के कारण भारत लगातार आगे बढ़ रहा है।