May 15, 2026

30 अप्रैल तक जारी हो सकता है CGBSE 10वीं-12वीं का रिजल्ट, 5.66 लाख छात्रों का इंतजार

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) के कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों को अपने बोर्ड परीक्षा परिणाम के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। मंडल की सचिव पुष्पा साहू के अनुसार कॉपियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है, लेकिन काउंटिंग, मिलान और रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया अभी जारी है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए 30 अप्रैल 2026 तक परिणाम जारी किए जा सकते हैं।

इस वर्ष 12वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चलीं, वहीं 10वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू होकर 13 मार्च के आसपास समाप्त हुईं। हालांकि 10वीं के हिंदी पेपर लीक होने के कारण 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा आयोजित करनी पड़ी, जिससे परिणाम प्रक्रिया में थोड़ी देरी हुई है।

इस बार बोर्ड परीक्षाओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए हैं। कक्षा 10वीं में 3,20,535 और कक्षा 12वीं में 2,45,785 छात्र पंजीकृत हैं। कुल मिलाकर करीब 5.66 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अपने परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।

रिजल्ट में हो रही देरी को लेकर विद्यार्थी चिंतित हैं, क्योंकि कई छात्र इंजीनियरिंग, मेडिकल और अन्य प्रतियोगी कोर्सों में प्रवेश के लिए तैयारी कर रहे हैं और आगे की योजना रिजल्ट पर निर्भर है।

मंडल की सचिव ने बताया कि रिजल्ट तैयार करने में पूरी सावधानी बरती जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। मिलान प्रक्रिया पूरी होते ही परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।

ऐसे चेक करें रिजल्ट:
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in और results.cg.nic.in पर जाकर रोल नंबर दर्ज कर अपना परिणाम देख सकेंगे। इसके अलावा DigiLocker पर भी मार्कशीट उपलब्ध रहेगी।