रायपुर। छत्तीसगढ़ टैक्स बार कौंसिल का राज्य स्तरीय अधिवेशन एवं वार्षिक आम सभा दुर्ग में संपन्न हुई। इस आयोजन में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, धमतरी, महासमुंद, जगदलपुर, अंबिकापुर, कोरबा, रायगढ़ और जांजगीर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सीए, सीएमए और कर सलाहकार शामिल हुए। अधिवेशन के बाद आयोजित चुनाव में रायगढ़ के अधिवक्ता विवेक सारस्वत को छत्तीसगढ़ टैक्स बार कौंसिल का प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किया गया, जबकि रायपुर के अधिवक्ता गोपाल कृष्ण तावनिया प्रदेश महासचिव चुने गए।
अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में सतीश अग्रवाल उपस्थित रहे, जो छत्तीसगढ़ जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल में केंद्रीय जीएसटी के तकनीकी सदस्य हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मूलचंद जैन ने की, जबकि तकनीकी सत्र की अध्यक्षता राजेश्वर राव ने की।
तकनीकी सत्र के दौरान जीएसटी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञ वक्ता संजय शर्मा ने जीएसटी अधिनियम 2017 के प्रावधानों, निरीक्षण, तलाशी और जब्ती से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं पर जानकारी साझा की। उपस्थित कर विशेषज्ञों और अधिवक्ताओं ने जीएसटी कानून की वर्तमान चुनौतियों और समाधान पर भी विचार-विमर्श किया।
अधिवेशन के बाद छत्तीसगढ़ टैक्स बार कौंसिल का वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने में मूलचंद जैन, सुरेश लाल, अशोक अग्रवाल और लढ्ढा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चुनाव के माध्यम से वर्ष 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारी इस प्रकार हैं—
- अध्यक्ष – विवेक सारस्वत
- महासचिव – गोपाल कृष्ण तावनिया
- उपाध्यक्ष – कमल किशोर साहू, राजेश दीवान, महेंद्र पंसारी
- कोषाध्यक्ष – दुर्गा शंकर साहू
- सहसचिव – सतीश अग्रवाल, सत्य प्रकाश मिश्रा
- प्रचार सचिव – भरत अम्बवानी
- अंकेक्षक – सीए अरविंद चंद सुराना
नवनिर्वाचित महासचिव गोपाल कृष्ण तावनिया ने आयोजन की सफलता के लिए अखिलेश मिश्रा, शिव सोनी और दुर्ग टैक्स बार एसोसिएशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से अधिवेशन गरिमामय, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





