रायपुर: छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच चिंता का माहौल है। D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा और Chhattisgarh Public Service Commission की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा की तिथियों में टकराव होने से हजारों छात्र असमंजस में हैं।
जानकारी के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के तहत 8 जून 2026 को D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा आयोजित की जानी है। वहीं CGPSC की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 6 जून से 9 जून 2026 तक प्रस्तावित है। ऐसे में 8 जून को दोनों परीक्षाएं होने के कारण अभ्यर्थियों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि CGPSC मुख्य परीक्षा उनके करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण अवसर है। वहीं अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित बड़ी शिक्षक भर्ती में शामिल होने के लिए D.El.Ed परीक्षा पास करना अनिवार्य है। ऐसे में यदि वे 8 जून को D.El.Ed परीक्षा नहीं दे पाते हैं, तो शिक्षक भर्ती की पात्रता से वंचित हो सकते हैं।
शिक्षा मंत्री से परीक्षा तिथि बदलने की मांग
प्रभावित अभ्यर्थियों ने सामूहिक रूप से शिक्षा मंत्री से मांग की है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल को निर्देशित कर 8 जून को होने वाली D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा को स्थगित किया जाए और CGPSC मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद नई तिथि घोषित की जाए।
अभ्यर्थियों ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद उन्हें CGPSC मुख्य परीक्षा का मौका मिला है और दोनों परीक्षाएं उनके भविष्य के लिए निर्णायक हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की अपील की है ताकि कोई भी छात्र अवसर से वंचित न हो।
मंडल की ओर से नहीं आई आधिकारिक प्रतिक्रिया
फिलहाल माध्यमिक शिक्षा मंडल या शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक, अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए आवेदन पर माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव रेणु पिल्ले ने परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने से इंकार कर दिया है।






