रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) घोटाला मामले में जेल में बंद पूर्व चेयरमैन एवं रिटायर्ड IAS अधिकारी टामन सिंह सोनवानी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट, अंबेडकर अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल कराया गया। फिलहाल उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
ब्रेडीकार्डिया की स्थिति बनी
जानकारी के मुताबिक, 18 अगस्त को टामन सिंह सोनवानी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें ब्रेडीकार्डिया की स्थिति बनने पर आनन-फानन में एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने उन्हें करीब 24 घंटे निगरानी में रखा। हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए उनके पेसमेकर लगाया गया। उपचार के बाद फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
CGPSC पेपर लीक और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में
टामन सिंह सोनवानी CGPSC पेपर लीक और कथित धनशोधन मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया है।
इससे पहले करीब दो साल पहले सीबीआई ने भी उन्हें गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने CGPSC भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों को डिप्टी कलेक्टर, DSP समेत अन्य पदों पर चयनित कराने के लिए कथित अवैध लेन-देन के आरोप लगाए थे।
मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई अभी जारी है।





