रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा जारी सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 के प्रारंभिक परीक्षा परिणाम को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। चयन सूची में कुछ असामान्य नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार और आयोग पर तंज कसते हुए सवाल उठाए हैं।
भूपेश बघेल का सरकार पर कटाक्ष
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“NEWS और SPACERANI को CGPSC द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर प्री एग्जाम में सांय-सांय सफलता मिली है। दोनों को सांय-सांय बधाई।”

उन्होंने आगे महतारी वंदन योजना में कथित तौर पर ‘सनी लियोनी’ के नाम से लाभ मिलने के पुराने विवाद का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यह सरकार की “अभूतपूर्व उपलब्धि” है और इसे बड़े स्तर पर प्रचारित किया जाना चाहिए।
चयन सूची में दिखे असामान्य नाम
CGPSC द्वारा परिणाम जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल स्क्रीनशॉट में चयन सूची के कुछ नामों को लेकर सवाल उठाए गए। वायरल सूची में कुछ अभ्यर्थियों के नाम “NEWS”, “SPACERANI” और “MANBAS” के रूप में दिखाई देने का दावा किया गया, जिसके बाद परिणाम की शुद्धता को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
हालांकि, आयोग की ओर से इन नामों को लेकर समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।
341 पदों के लिए हुई थी भर्ती परीक्षा
गौरतलब है कि CGPSC ने 341 पदों पर भर्ती के लिए सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों के 183 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की थी।
आयोग द्वारा जारी परिणाम में 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। मुख्य परीक्षा संभावित रूप से 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी। इसके लिए चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय में ऑनलाइन आवेदन करना होगा।





