July 23, 2026

CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 का शेड्यूल जारी, 6 से 9 जून तक होगी परीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा का आयोजन 6 जून से 9 जून 2026 तक प्रदेश के निर्धारित परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी।

जारी समय-सारिणी के अनुसार 6 जून को भाषा एवं निबंध, 7 जून को सामान्य अध्ययन-1 एवं सामान्य अध्ययन-2, 8 जून को सामान्य अध्ययन-3 एवं सामान्य अध्ययन-4 तथा 9 जून को सामान्य अध्ययन-5 की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

मुख्य परीक्षा के लिए प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें अंबिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और रायपुर शामिल हैं।

आयोग ने अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र 25 मई 2026 को जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट CGPSC Official Website से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को अलग से प्रवेश पत्र, सूचना पत्र या SMS नहीं भेजा जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को स्वयं वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना होगा।