September 4, 2026

चमोली टनल हादसे ने कोंडागांव को दिया गहरा दर्द, 2 मजदूर घायल, 2 लापता और 2 की मौत

कोंडागांव। उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन मायापुर-पीपलकोटी टनल में हुए हादसे ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले को भी बड़ा झटका दिया है। हादसे में घायल, लापता और मृत मजदूरों में कोंडागांव जिले के अलग-अलग गांवों के श्रमिक शामिल हैं। घटना के बाद संबंधित गांवों में शोक और चिंता का माहौल है।

मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद गोपेश्वर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराए गए श्रमिकों में कोंडागांव के ग्राम दहिकोंगा निवासी 20 वर्षीय सुनील दीवान, पिता संतोष दीवान और ग्राम संबलपुर निवासी 33 वर्षीय पेनसिंह नेताम, पिता पीला सिंह शामिल हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

दो मजदूर अब भी लापता

टनल हादसे के बाद कोंडागांव जिले के दो मजदूरों का अब तक पता नहीं चल सका है। इनमें ग्राम दहिकोंगा निवासी 22 वर्षीय देवनाथ, पिता धनसुराम बघेल और ग्राम धनसुली (ईसलनार) निवासी 37 वर्षीय चेतन पोयाम, पिता सोनाधर पोयाम शामिल हैं। दोनों की तलाश जारी है।

दो मजदूरों की मौत

हादसे में कोंडागांव जिले के दो मजदूरों की मौत की भी पुष्टि हुई है। मृतकों में ग्राम धनसुली (ईसलनार) निवासी 24 वर्षीय लखेश्वर पोयाम, पिता सोनसिंह पोयाम और ग्राम मड़ानार निवासी 25 वर्षीय भुनेश्वर, पिता सुरेंद्र कुमार शामिल हैं।

हादसे की खबर सामने आने के बाद मृतक मजदूरों के गांवों में मातम पसरा है। वहीं, लापता श्रमिकों के परिजन उनके सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन और राहत दलों की ओर से टनल में फंसे और लापता मजदूरों की तलाश एवं राहत-बचाव अभियान जारी है।