July 23, 2026

बैंक से निकाले 60 हजार, दुकान में खरीदारी के दौरान बाइक की डिक्की से उड़ाए रुपये

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा शहर में एक किसान बैंक से 60 हजार रुपये निकालने के कुछ ही देर बाद उठाईगिरी का शिकार हो गया। अज्ञात बदमाश ने बाइक की डिक्की से पूरी रकम पार कर दी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सरवानी गांव निवासी किसान रामनारायण साहू ने चांपा स्थित यूनियन बैंक से 60 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद उन्होंने नकदी बाइक की डिक्की में रखी और मोदी चौक स्थित एक दुकान पर सामान खरीदने चले गए। इसी दौरान एक उचक्के ने डिक्की खोलकर रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गया।

वापस लौटने पर किसान ने डिक्की खुली देखी तो नकदी गायब थी। शिकायत मिलने पर चांपा पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक की डिक्की से रुपये निकालते हुए दिखाई दिया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।