May 18, 2026

धान खरीदी पर विधानसभा में हंगामा, कांग्रेस का सरकार पर आरोप | नारेबाजी के बीच विपक्ष का वॉकआउट

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान धान खरीदी के मुद्दे पर सदन में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायकों ने धान खरीदी को लेकर सरकार को घेरते हुए मंत्री दयालदास बघेल से कई सवाल पूछे। जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक लखेश्वर बघेल ने वर्ष 2025-26 में हुई धान खरीदी और उसके उठाव को लेकर सवाल उठाया। इस पर मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि बस्तर संभाग में कुल 46,846.86 मीट्रिक टन, बीजापुर में 21,888.59, दंतेवाड़ा में 9,757, कांकेर में 1,47,528.3, कोंडागांव में 58,911.78, नारायणपुर में 17,383.06 और सुकमा में 16,608.14 मीट्रिक टन धान का उठाव हुआ है।

विधायक लखेश्वर बघेल ने आरोप लगाया कि धान खरीदी में गड़बड़ी हो रही है और किसान एसडीएम कार्यालय सहित कई जगहों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी में बड़े स्तर पर अनियमितता हो रही है, जिसे गंभीरता से लेने की जरूरत है।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सवाल उठाते हुए पूछा कि बस्तर में कितने ऐसे किसान हैं, जिनका दूसरा टोकन कट गया लेकिन वे धान नहीं बेच पाए। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि ऋणी किसानों का धान सरकार खरीदेगी या उनका कर्ज माफ किया जाएगा। इस पर मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय भी ऋणी किसानों का धान नहीं खरीदा गया था।

वहीं पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि बस्तर संभाग के 32 हजार से अधिक आदिवासी किसानों से धान खरीदी नहीं हुई। उन्होंने सवाल किया कि किसानों को मिलने वाले करीब 206 करोड़ रुपये का क्या होगा और जिन किसानों ने कर्ज लिया है, उसका भुगतान कौन करेगा।

खाद्य मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि जो किसान धान लेकर खरीदी केंद्र तक पहुंचे हैं, उनका धान खरीदा गया है। हालांकि विपक्ष ने इस जवाब पर नाराजगी जताई और नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।