July 23, 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा का आज अंतिम दिन, अविश्वास प्रस्ताव पर होगी चर्चा; देर रात तक चल सकती है कार्यवाही

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें और अंतिम दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। आज सदन में प्रश्नकाल, शासकीय और अशासकीय कार्यों के साथ-साथ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर बहस देर रात तक चल सकती है।

प्रश्नकाल में इन मंत्रियों से होंगे सवाल

प्रश्नकाल के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी स्थानीय निकायों से संबंधित CAG की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेंगे। इसके अलावा विधायक गोमती साय, धर्मजीत सिंह और भईयालाल राजवाड़े विभिन्न प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे।

अविश्वास प्रस्ताव पर होगी अहम बहस

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत आज सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करेंगे। कांग्रेस ने मानसून सत्र के दूसरे दिन राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था, जिसे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने स्वीकार करते हुए 17 जुलाई को चर्चा के लिए सूचीबद्ध किया था।

राज्य गठन के बाद 10वां अविश्वास प्रस्ताव

छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद विधानसभा में यह दसवां अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले सरकारों के खिलाफ लाए गए नौ अविश्वास प्रस्ताव बहुमत के अभाव में पारित नहीं हो सके थे। ऐसे में आज की चर्चा पर सभी की नजरें टिकी हैं।