March 3, 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा में नक्सल पुनर्वास पर चर्चा, 2937 नक्सली कर चुके आत्मसमर्पण

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन नक्सलियों के आत्मसमर्पण और पुनर्वास का मुद्दा सदन में चर्चा का विषय बना। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने नक्सल पुनर्वास नीति, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों की संख्या और बकाया ईनाम राशि को लेकर सवाल उठाए।

गृह मंत्री विजय शर्मा ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि 9 फरवरी 2026 तक कुल 2937 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिसमें 1496 इनामी नक्सली शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नक्सलियों को पुनर्वास नीति के तहत अब तक प्रारंभिक राशि के रूप में 5 करोड़ 64 लाख रुपए जारी किए गए हैं। जबकि ईनाम के तहत कुल 49 करोड़ 34 लाख रुपए अभी भी बकाया हैं।

सरेंडर करने वाले नक्सलियों को दी जा रही राशि तीन साल बाद बैंक से निकाली जा सकेगी। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि नक्सल पुनर्वास नीति के तहत शासन आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास और समाज में उनका समावेश सुनिश्चित कर रहा है।