May 18, 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा: स्मार्ट सिटी और शिरपुर महोत्सव में भ्रष्टाचार जांच की घोषणा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के दौरान मंगलवार को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान मंत्री अरुण साव ने रायपुर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के कार्य की जांच कराए जाने की घोषणा की। सदन में सत्ता पक्ष के विधायकों ने ही स्मार्ट सिटी के कार्य में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाए।

सत्ता पक्ष के विधायक सुनील सोनी ने बताया कि रायपुर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में कुल 30 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। म्यूजिकल फाउंटेन में अकेले 5.24 करोड़ का खर्च हुआ। उन्होंने कहा कि शिकायत पर ही केंद्र सरकार ने जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट पटल पर रखी जाए।

भाजपा के अन्य विधायक अजय चंद्राकर और धर्मलाल कौशिक ने भी स्मार्ट सिटी के कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। इस पर मंत्री अरुण साव ने कहा कि किसी भी शिकायत और गड़बड़ी का परीक्षण कराया जाएगा और दोषी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सदन में कांग्रेस विधायक द्वारिकाधीश यादव ने शिरपुर महोत्सव के आय-व्यय और संचालन व्यवस्था में अनियमितता का मुद्दा उठाया। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के आयोजन के लिए 15 लाख रुपए आबंटित किए गए और प्रचार पर 10 लाख रुपए खर्च हुए। उन्होंने कहा कि बाहर से आए गेस्ट कलाकारों को भुगतान ऑन-रिकॉर्ड किया गया और कोई अनियमितता नहीं हुई।

विधायक द्वारिकाधीश यादव ने सवाल किया कि क्या भुगतान की जांच होगी, जिस पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने जांच कराने की बात कही।