विधानसभा में शिक्षा मुद्दों पर हंगामा
रायपुर। विधानसभा बजट सत्र के दौरान बुधवार को स्कूलों के युक्तियुक्तकरण, अतिथि शिक्षकों की भर्ती, वेतन और नियमितीकरण के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी घेरा। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी उठाए सवाल
रायपुर। सत्ता पक्ष के विधायक सुनील सोनी, राजेश मूणत और रोहित साहू ने स्कूलों के युक्तियुक्तकरण को लेकर मंत्री से जवाब मांगा। राजेश मूणत ने कहा कि युक्तियुक्तकरण के बाद कई स्कूलों की स्थिति खराब हो गई है और शिकायत के बावजूद अधिकारी जांच के लिए नहीं पहुंचे। इस पर मंत्री ने जांच कराने की बात कही।
आसंदी ने दिए समयबद्ध निर्देश
रायपुर। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसंदी ने शिक्षा मंत्री को 30 मार्च तक सभी स्कूलों की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रदेश में 10,538 स्कूलों का हुआ युक्तियुक्तकरण
रायपुर। विधायक सुनील सोनी के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग ने पूरे प्रदेश में 10,538 स्कूलों का युक्तियुक्तकरण किया है। इनमें से 10,372 स्कूलों का उपयोग किया जा रहा है, जबकि 166 स्कूल अभी उपयोग में नहीं हैं।
खाली भवनों का होगा उपयोग
रायपुर। मंत्री ने बताया कि जहां स्कूल भवन खाली हैं, वहां स्मार्ट स्कूल और लैब विकसित किए जाएंगे। जर्जर स्कूलों के नवीनीकरण के लिए भी आवश्यकता के अनुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर जिले में 385 स्कूलों का युक्तियुक्तकरण
रायपुर। राजेश मूणत के सवाल पर मंत्री ने बताया कि रायपुर जिले में 389 में से 385 स्कूलों का युक्तियुक्तकरण किया गया है, जबकि 4 स्कूल खाली हैं। उन्होंने कहा कि नए सत्र से 150 नए स्कूल शुरू किए जाएंगे, जो स्वामी आत्मानंद और विवेकानंद मॉडल पर आधारित होंगे।
अतिथि शिक्षकों के मुद्दे पर विपक्ष का हमला
रायपुर। विपक्ष ने अतिथि शिक्षकों की भर्ती, वेतन और नियमितीकरण का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। विपक्ष ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि नियमितीकरण का वादा अब तक पूरा नहीं किया गया है।
जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने किया वॉकआउट
रायपुर। शिक्षा मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। इस मुद्दे को लेकर सदन में तीखी बहस देखने को मिली।





