May 18, 2026

सहायक प्राध्यापकों को झटका: 70 की परिवीक्षा अवधि बढ़ी, कई मामलों में देरी

रायपुर। परीक्षा अवधि समाप्त होने का इंतजार कर रहे सहायक प्राध्यापकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2022 में नियुक्त 70 सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, गोपनीय प्रतिवेदन समिति द्वारा तय मापदंडों पर खरे नहीं उतरने के कारण 53 सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि एक वर्ष और 17 की दो वर्ष के लिए बढ़ाई गई है।

विभाग के मुताबिक, इन प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त करने की प्रक्रिया वर्ष 2025 तक पूरी की जानी है। इसके तहत वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन, पुलिस सत्यापन, सतत सेवा प्रमाण-पत्र, निष्ठा प्रमाण-पत्र, विभागीय जांच, न्यायालयीन प्रकरण और चल-अचल संपत्ति विवरण जैसे दस्तावेजों की विस्तृत जांच की गई।

फरवरी 2026 में आयोजित पहली बैठक में कुल 348 प्रकरणों की समीक्षा की गई। इनमें से 307 सहायक प्राध्यापक सभी मानकों पर पात्र पाए गए, जिनकी परिवीक्षा समाप्त करने की अनुशंसा की गई। वहीं 15 मामलों में दस्तावेज अपूर्ण होने के कारण उन्हें लंबित रखा गया, जबकि 26 प्राध्यापक मापदंडों पर खरे नहीं उतर सके।

मार्च 2026 में हुई दूसरी बैठक में मार्च से मई 2022 के बीच नियुक्त 572 प्रकरणों की जांच की गई। इनमें 497 सहायक प्राध्यापक पात्र पाए गए, जिनमें से 39 को दस्तावेज पूर्ण करने की शर्त पर पात्र माना गया। वहीं 36 प्राध्यापक अपात्र पाए गए, जिनकी परिवीक्षा समाप्त नहीं करने की अनुशंसा की गई।

इसी तरह जून से दिसंबर 2022 के बीच नियुक्त 90 प्रकरणों में से 68 सहायक प्राध्यापक पात्र पाए गए। 14 मामलों में दस्तावेज अपूर्ण हैं, जिन्हें परीक्षण में रखा गया है, जबकि 8 प्राध्यापक मापदंडों में अपात्र पाए गए।

इस फैसले से जहां कई प्राध्यापकों को राहत मिली है, वहीं 70 सहायक प्राध्यापकों के लिए इंतजार और बढ़ गया है।