September 4, 2026

छत्तीसगढ़ BJP में अध्यक्ष बदलने की अटकलें तेज, CM साय ने तोखन साहू को किया आगे; दिल्ली में किरण देव से मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की चर्चाओं के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। हालांकि भाजपा मीडिया विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष बदलने का कोई प्रस्ताव पार्टी के सामने नहीं आया है और इस तरह की चर्चाएं निराधार हैं। इसके बावजूद पिछले कुछ दिनों में हुए राजनीतिक घटनाक्रमों से बदलाव की अटकलों को हवा मिल रही है।

हाल ही में भाजपा कार्यालय में किसान मोर्चा की बैठक हुई थी, जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री साय ने तोखन साहू को आगे कर दिया। इसके बाद तोखन साहू का बयान भी चर्चा में आ गया।

तोखन साहू ने मीडिया के सामने हाथ जोड़कर कहा था कि उन्हें पार्टी का हर फैसला मंजूर है, यहां तक कि केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा भी। उनके इस बयान को लेकर पार्टी के भीतर तरह-तरह के राजनीतिक मायने निकाले जाने लगे।

दिल्ली में किरण देव से मिले तोखन साहू

इसी बीच तोखन साहू ने दिल्ली पहुंचकर छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से मुलाकात की। इस दौरान वरिष्ठ नेता और विधायक धर्मजीत सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।

मुलाकात के बाद तोखन साहू ने बताया कि उन्होंने दिल्ली के द्वारका में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने किरण देव के शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना भी की।

फिलहाल भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष पद पर बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन तोखन साहू की दिल्ली में किरण देव से मुलाकात और हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों ने प्रदेश भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं को जरूर गर्म कर दिया है।