July 23, 2026

भाजपा की सोशल मीडिया टीम करेगी अमित शाह से मुलाकात, दिल्ली के लिए रवाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की सोशल मीडिया टीम मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेगी। इसके लिए टीम सोमवार को रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो गई।

भाजपा प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी के नेतृत्व में रवाना हुई टीम में सह-संयोजक राकेश चंद्राकर, गिन्नी चावला, रवि मिश्रा, तेजपाल शर्मा और दिनेश सुंदरानी शामिल हैं।

बताया गया है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों की भाजपा सोशल मीडिया टीमों को एक विशेष टास्क सौंपा था। इस टास्क में छत्तीसगढ़ भाजपा की सोशल मीडिया टीम ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया।

इस उपलब्धि पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने सोशल मीडिया टीम को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। अब टीम अपनी इस उपलब्धि के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर आगे की रणनीति और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेगी।