March 3, 2026

बजट से पहले व्यापारियों की बड़ी मांग, नया रायपुर में एआई लैब और व्यापार सरलीकरण पर जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ का आम बजट कल विधानसभा में पेश किया जाएगा। बजट को लेकर प्रदेश के व्यापारी वर्ग में खासा उत्साह है। व्यापार संगठनों ने इस बार सरकार से नई तकनीक, व्यापारिक सरलीकरण और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान देने की मांग की है।

नया रायपुर में एआई लैब की मांग

छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि राज्य में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक सुविधाएं जरूरी हैं। उन्होंने नया रायपुर में एआई लैब स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे युवाओं और स्टार्टअप्स को नई दिशा मिलेगी।

अजय भसीन ने व्यापार प्रक्रियाओं के सरलीकरण, लाइसेंस और कर व्यवस्था को आसान बनाने तथा छोटे व्यापारियों को राहत देने की भी मांग की। उनका कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों को देखते हुए छत्तीसगढ़ को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाना आवश्यक है।

महिला उद्यमियों की उम्मीदें

छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज महिला चैंबर की प्रदेश अध्यक्ष सुमन कन्नौजे ने बजट में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष प्रावधान की मांग की।

उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों और छोटे उद्योगों को कच्चा माल उपलब्ध कराने के साथ-साथ तैयार उत्पाद के विपणन और परिवहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनका मानना है कि यदि महिलाओं को उत्पादन से लेकर बाजार तक संपूर्ण सहयोग मिलेगा, तो वे आर्थिक रूप से सशक्त होंगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

व्यापारी संगठनों को उम्मीद है कि इस बार का बजट व्यापार, तकनीक और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देगा।