बिलासपुर। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना के बाद रामभक्तों की आस्था और भावनाओं के समर्थन में बिलासपुर से तीन दिवसीय ‘श्रीराम श्रद्धा यात्रा’ का शुभारंभ किया गया। यात्रा बिलासपुर के हनुमान मंदिर से रतनपुर के महामाया मंदिर तक अलग-अलग चरणों में निकाली जा रही है। प्रथम चरण का समापन महामाया मंदिर नगोई में होगा। यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस नेता विजय केशरवानी कर रहे हैं।
आयोजकों ने छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ननिहाल बताते हुए प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे “श्रद्धा का एक नारियल अपने भांचा श्रीराम के श्रीचरणों में” अर्पित करें। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से एकत्र किए गए सभी नारियल अयोध्या धाम ले जाकर भगवान श्रीरामलला के श्रीचरणों में समर्पित किए जाएंगे।
तीन दिनों तक चलेगी यात्रा
यात्रा का पहला चरण 25 जुलाई को तिलक नगर स्थित देवकीनंदन चौक के हनुमान मंदिर से शुरू हुआ। यह यात्रा मुक्तिधाम चौक, सरकंडा, गायत्री मंदिर चांटीडीह, रामायण चौक, रपटा चौक, अशोक विहार, चिंगराजपारा, लिंगियाडीह और राजकिशोर नगर होते हुए मोपका बस्ती तक पहुंचेगी।
दूसरे दिन 26 जुलाई को यात्रा सुबह 11 बजे महामाया मंदिर बिजौर से प्रारंभ होकर बहतराई, सरकंडा, साइंस कॉलेज, देवनंदन नगर, रामा ग्रीन सिटी, ड्रीम सिटी और खमतराई होते हुए बगदाई मंदिर में समाप्त होगी।
तीसरे दिन 27 जुलाई को दोपहर 12 बजे यात्रा कोनी से शुरू होकर गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय, बिरकोना और महामाया मंदिर नगोई होते हुए ग्राम बैमा में प्रथम चरण का समापन करेगी।
आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने की अपील की है।





