रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पत्रकार वार्ता में सत्र की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
उन्होंने बताया कि इस सत्र में कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र की शुरुआत सोमवार, 23 फरवरी 2026 को सुबह 11:05 बजे राज्यपाल रामेन डेका के अभिभाषण से होगी। अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर चर्चा 25 फरवरी को की जाएगी। इसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन और आकाशवाणी से होगा।
24 फरवरी को पेश होगा वर्ष 2026-27 का बजट
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी 24 फरवरी 2026 को दोपहर 12:30 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय-व्ययक (बजट) प्रस्तुत करेंगे। बजट भाषण का सीधा प्रसारण दूरदर्शन रायपुर और आकाशवाणी रायपुर से किया जाएगा।
बजट पर सामान्य चर्चा 26 और 27 फरवरी को होगी। 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा तय है।
- 17 मार्च: विनियोग विधेयक का पुरःस्थापन
- 18 मार्च: विनियोग विधेयक पर चर्चा एवं पारण
दो महत्वपूर्ण विधेयक प्रस्तावित
सत्र के दौरान दो अहम विधेयक पेश किए जाने की सूचना प्राप्त हुई है—
- छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026
- छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक, 2026
इन विधेयकों को लेकर सदन में व्यापक राजनीतिक बहस की संभावना है।
प्रश्नों और प्रस्तावों की बड़ी संख्या
अब तक सत्र के लिए कुल 2813 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 1376 तारांकित प्रश्न शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त—
- 61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
- नियम 139 के तहत 1 अविलंबनीय लोक महत्व विषय
- 13 अशासकीय संकल्प
- 9 शून्यकाल सूचनाएं
- 112 याचिकाएं
निधन उल्लेख भी होगा
सत्र के दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य दीनदयाल सिंह पोर्ते के निधन का उल्लेख किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बजट सत्र में वित्तीय, विधायी और जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा होगी, जिससे राज्य की नीतिगत दिशा तय होगी।





