July 23, 2026

साय कैबिनेट की अहम बैठक जारी, अनुपूरक बजट और नई ट्रांसफर नीति पर लग सकती है मुहर

रायपुर।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक जारी है। बैठक में आगामी विधानसभा मानसून सत्र के एजेंडे को अंतिम रूप दिए जाने के साथ-साथ कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा की जा रही है। माना जा रहा है कि कैबिनेट में चालू वित्तीय वर्ष के अनुपूरक बजट, विभिन्न संशोधन विधेयकों और नई स्थानांतरण नीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिया जा सकता है।

बैठक में प्रदेश में मानसून की स्थिति और खरीफ सीजन की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की जा रही है। खाद-बीज की उपलब्धता, किसानों को समय पर आपूर्ति और कृषि विभाग की तैयारियों पर मंत्रिपरिषद मंथन कर रही है। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज होने और कई जिलों में औसत से कम बारिश के कारण खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित हुई है। ऐसे में सरकार आगे की रणनीति पर भी विचार कर रही है।

प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारी नई स्थानांतरण नीति का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में कैबिनेट बैठक में नई ट्रांसफर नीति को मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। यदि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती है तो जल्द ही प्रदेश में तबादलों की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

इसके अलावा बैठक में धान उपार्जन नीति, विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारी और अन्य प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है। सरकार की इस बैठक में लिए जाने वाले फैसलों पर कर्मचारियों, किसानों और विभिन्न विभागों की नजरें टिकी हुई हैं।