निर्माण कार्यों के लिए शासन ने जारी किए सख्त निर्देश
भिलाईनगर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के सभी नगर निगमों और नगर पालिकाओं के लिए निर्माण कार्यों की नई गाइडलाइन जारी की है। अब किसी भी निर्माण कार्य का प्राक्कलन स्थल निरीक्षण के बिना तैयार नहीं किया जाएगा। 10 लाख रुपए से अधिक के सभी कार्य केवल ई-निविदा के माध्यम से होंगे और ऑफलाइन निविदा प्रक्रिया पूरी तरह बंद रहेगी।
नई व्यवस्था के तहत प्राक्कलन, तकनीकी स्वीकृति, अनुबंध और भुगतान की प्रक्रिया को भी स्पष्ट किया गया है। भूमि विवादमुक्त होने पर ही कार्य स्वीकृत होंगे।
होटल की कथित गतिविधियों के खिलाफ वार्डवासियों का प्रदर्शन
कुम्हारी। वार्ड क्रमांक-11 के रहवासियों ने होटल सेवन हॉर्स के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बड़ी संख्या में लोगों ने नगरपालिका और थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। रहवासियों का आरोप है कि होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
ठेका श्रमिकों को छुट्टी और वेतन सुविधाएं देने की मांग
भिलाईनगर। स्टील ठेका श्रमिक यूनियन ने भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत ठेका श्रमिकों को निर्धारित अवकाश, लीव कार्ड, वेतन पर्ची और केंद्रीय न्यूनतम वेतनमान का लाभ देने की मांग उठाई है। यूनियन का आरोप है कि कई विभागों में श्रमिकों को समझौते के अनुसार मिलने वाली छुट्टियों से वंचित किया जा रहा है।
रिसाली निगम ने नहीं बढ़ाया टैक्स
भिलाईनगर। रिसाली नगर निगम की महापौर परिषद ने वर्ष 2026-27 के लिए संपत्ति कर और अन्य करों की दरों को यथावत रखने का फैसला लिया है। परिषद ने शिक्षा उपकर हटाने की मांग को लेकर शासन को पत्र भेजने का भी निर्णय लिया है। बैठक में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के 42 मामलों को भी मंजूरी दी गई।
3814 जर्जर आवासों को निगम का अंतिम नोटिस
भिलाईनगर। मानसून से पहले निगम प्रशासन ने आईएचएसडीपी, वाम्बे, अटल और रैश्ने योजना के तहत बने 3814 जर्जर आवासों के हितग्राहियों को अंतिम नोटिस जारी किया है। सर्वे में कई मकान रहने योग्य नहीं पाए गए हैं। निगम ने ऐसे परिवारों से सुरक्षित आवासों में शिफ्ट होने की अपील की है। भविष्य में इन भवनों को तोड़कर बहुमंजिला आवास बनाए जाएंगे।
माइनिंग विभाग में मुखबिरी के आरोप, जांच शुरू
राजनांदगांव। खनिज विभाग के एक कर्मचारी पर ठेकेदारों को छापेमारी की गोपनीय जानकारी देने और इसके एवज में लाखों रुपए वसूलने के आरोप लगे हैं। शिकायत के बाद विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। कर्मचारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
चारागाह भूमि पर बायोगैस प्लांट का विरोध
राजनांदगांव। ग्राम बोइरडीह के ग्रामीणों ने चारागाह की जमीन पर प्रस्तावित बायोगैस प्लांट का विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में मवेशियों के लिए यही एकमात्र चारागाह भूमि है। उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और आबंटन प्रक्रिया रोकने की मांग की।
पुलिसकर्मी बनकर युवतियों को झांसे में लेने वाला गिरफ्तार
डोंगरगांव। पुलिस का नाम और पहचान पत्र दिखाकर युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने, शारीरिक शोषण करने और पैसे ऐंठने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर भोली-भाली युवतियों को झांसा देता था। शिकायत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गंदे पानी से पीलिया और डायरिया का प्रकोप
राजनांदगांव। शहर के बसंतपुर और राजीव नगर क्षेत्रों में गंदे पानी की सप्लाई के कारण पीलिया और डायरिया के मामले बढ़ गए हैं। 15 से अधिक बच्चे बीमार हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। नगर निगम ने पानी के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से दूषित पानी की समस्या बनी हुई है।





