March 4, 2026

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने शालू के जीवन में दी नई शुरुआत

मोहला-मानपुर, 10 फरवरी 2026: जब जीवन की कठिन परिस्थितियों ने शालू को अकेला कर दिया, तब छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने उनके जीवन में आशा की किरण जगाई। ओटगन निवासी शालू का विवाह मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम माहुद मचांदुर निवासी श्री दीपक कुंजाम के साथ संपन्न हुआ।

शालू के जीवन में पिता का कैंसर से निधन, मां का कोरोना काल में असमय निधन और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते भाई-बहनों से बिछड़ना जैसी कठिनाइयां आईं। इस दौरान उनकी देखभाल और उपचार के लिए ओटगन की पूर्व सरपंच श्रीमती संजीता दीवान ने शालू को सखी सेंटर पहुंचाया, और बाद में नारी निकेतन में भेजा गया।

नारी निकेतन की अधीक्षिका श्रीमती प्रीति मिश्रा ने बताया कि संस्थान में शालू को नियमित देखभाल, परामर्श और उपचार प्राप्त हुआ, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर हुआ। उनके भविष्य को सुरक्षित करने हेतु जीवनसाथी की तलाश प्रारंभ की गई, और इसी क्रम में श्री दीपक कुंजाम ने शालू से विवाह का प्रस्ताव रखा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत यह विवाह आदर्श रूप में संपन्न हुआ। आयोजन में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, जनप्रतिनिधि और शासन-प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

श्री दीपक कुंजाम ने कहा कि उन्हें शालू जैसी संस्कारी जीवनसाथी मिलने पर गर्व है। शालू ने भी अपने नए जीवन की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि शासन एवं समाज के सहयोग से उन्हें सम्मान, सुरक्षा और नई पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से शालू जैसी बेटियों को सिर्फ वैवाहिक सहारा नहीं बल्कि आत्मसम्मान, सुरक्षा और उज्जवल भविष्य भी प्रदान किया जा रहा है।