रायपुर:
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिरने से 10 वीर जवानों के शहीद होने की घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए शहीद सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह खबर पूरे देश को झकझोर देने वाली है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हुए कहा,
“दिवंगत वीर सैनिकों की आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र संकट की इस घड़ी में शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
देश को रहेगा बलिदान पर गर्व
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि,
“राष्ट्र इन वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण रखेगा। देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले जवानों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।”
डोडा में हुए इस हादसे ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया है और हर नागरिक शहीद जवानों को नमन कर रहा है।





