रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत 12 राज्यों को ₹10,021 करोड़ से अधिक की मदर सैंक्शन जारी किए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे गरीब कल्याण, सम्मानजनक जीवन और अंत्योदय के संकल्प को मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर गरीब को पक्का घर’ का संकल्प तेजी से जमीन पर उतर रहा है। यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला साबित होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण केवल आवास निर्माण की योजना नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों के लिए सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का आधार है। पक्का घर केवल छत नहीं होता, बल्कि सुरक्षित भविष्य और सामाजिक गरिमा का प्रतीक होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वित्तीय सहायता से छत्तीसगढ़ के हजारों ग्रामीण परिवारों को उनके पक्के घर के सपने को पूरा करने में तेजी मिलेगी। पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
साय ने यह भी कहा कि राज्य सरकार केंद्र के सहयोग से गांव, गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है। डबल इंजन सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे और योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी और गरीब परिवारों के जीवन में स्थायी बदलाव आएगा।





