May 18, 2026

CG LPG Crisis : कमर्शियल गैस की कमी से होटल कारोबार प्रभावित, कई जगह इलेक्ट्रिक और लकड़ी के चूल्हों से बन रहा खाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी का असर अब होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। गैस की सीमित उपलब्धता के कारण कई होटलों में इलेक्ट्रिक कुकिंग और लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेकर खाना बनाकर काम चलाया जा रहा है।

होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष तरनजीत सिंह होरा ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति जल्द सामान्य होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अगले 2 से 4 दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ में गैस सप्लाई फिर से शुरू हो सकती है।

जारी की गई एडवाइजरी
गैस की कमी को देखते हुए होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने होटल संचालकों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें कहा गया है कि फिलहाल मेनू में केवल जरूरी और सीमित आइटम्स ही शामिल किए जाएं, ताकि गैस की खपत कम हो सके।

मेनू से हटाए गए कुछ व्यंजन
कमर्शियल गैस की कमी के चलते कई होटलों में रोटी और डोसा जैसे ऐसे व्यंजन, जिन्हें बनाने में अधिक गैस की जरूरत होती है, उन्हें अस्थायी रूप से मेनू से हटा दिया गया है।

एसोसिएशन का कहना है कि गैस आपूर्ति सामान्य होने तक होटल और रेस्टोरेंट वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए अपना संचालन जारी रखेंगे, ताकि ग्राहकों को किसी बड़ी परेशानी का सामना न करना पड़े।