March 4, 2026

कोरबा–रायगढ़ न्यूज़ अपडेट : छत्तीसगढ़ में रिश्तों का कत्ल: कोरबा में बेटी ने पिता को उतारा मौत के घाट, रायगढ़ में पिता ने मासूम बेटे की ली जान, फिल्म विवाद पर सड़कों पर उतरी महिलाएं

मुआवजे के विवाद में यूट्यूबर बेटी ने पिता की हत्या की, कोरबा में सनसनी

कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया के लिममुंडा बस्ती में मुआवजे की राशि को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां यूट्यूबर बेटी ने अपने ही पिता पर हंसिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार अशोक कुमार केंवट (55) को जमीन अधिग्रहण के एवज में मुआवजा मिला था। इसी राशि के बंटवारे को लेकर उसकी बड़ी बेटी गीता केंवट (27) से विवाद हो गया। देर रात बातचीत के दौरान पिता ने बेटी को समझाइश दी और फटकार भी लगाई, जिससे नाराज होकर गीता ने पास रखे हंसिया से पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में अशोक के चेहरे और गले पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी बेटी ने ही परिजनों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी गीता केंवट सोशल मीडिया पर सक्रिय यूट्यूबर थी और इंस्टाग्राम व यूट्यूब पर रील्स व वीडियो बनाती थी। हाल ही में वह एक विवादित वीडियो को लेकर भी चर्चा में आई थी।


घरेलू विवाद से तंग पिता ने 6 साल के बेटे को कुएं में डुबोकर मार डाला, रायगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना

रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम जामढोंढी भदरापारा में एक पिता ने अपने ही 6 वर्षीय बेटे की कुएं में डुबोकर हत्या कर दी। घरेलू विवाद और मानसिक तनाव से जूझ रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आरोपी विनोद महेश्वरी (30) अपनी पत्नी से अलग रह रहा था और दो बेटों के साथ रहता था। तनाव के चलते उसने अपने छोटे बेटे को कुएं में फेंक दिया और खुद अंदर उतरकर पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। अगले दिन जब परिजन मोटर चालू करने पहुंचे तो घटना का खुलासा हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी व मृत बच्चे को बाहर निकाला। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


विवादित फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, बैन की मांग

कोरबा। कोरबा के दर्री क्षेत्र में ब्रह्म समाज की महिलाओं ने रिलीज होने जा रही फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने फिल्म के शीर्षक और संवादों को समाज विशेष के लिए आपत्तिजनक बताते हुए तत्काल बैन की मांग की।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि फिल्म साजिश के तहत बनाई गई है ताकि ब्राह्मण समाज की छवि को खराब किया जा सके। उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से फिल्म पर रोक लगाने की मांग की।