May 19, 2026

Bilaspur News Update: छत्तीसगढ़ क्राइम व प्रशासनिक अपडेट: लूट की कोशिश नाकाम, डबल मर्डर समेत कई बड़ी घटनाएं

कार सवारों को चाकू दिखाकर लूट की कोशिश, दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर: कार सवार युवकों को चाकू दिखाकर लूटपाट करने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बेलगहना क्षेत्र में 1 अप्रैल की रात आरोपियों ने सुनसान जंगल में कार रोकने की कोशिश की।
पीड़ित किसी तरह बचकर भागे, लेकिन आरोपियों ने करीब 7 किमी तक पीछा किया। गांव में लोगों के पहुंचने पर आरोपी भाग गए। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से चाकू बरामद कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

बिलासपुर-येलहंका एक्सप्रेस अब नियमित सेवा के रूप में चलेगी
बिलासपुर: भारतीय रेल ने बिलासपुर-येलहंका के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस सेवा के रूप में मंजूरी दे दी है।
यह ट्रेन 18261/18262 बिलासपुर-येलहंका एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी और सप्ताह में एक-एक दिन दोनों दिशाओं में चलेगी। इससे छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के बीच यात्रा आसान होगी।

स्कूल बंद मिलने पर शिक्षकों का वेतन काटा गया
मुंगेली: लोरमी विकासखंड के एक शासकीय स्कूल के औचक निरीक्षण में बंद पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधानपाठक सहित सभी शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की बात कही है।

नलकूप खनन पर रोक, जिला जल अभावग्रस्त घोषित
मुंगेली: गर्मी को देखते हुए जिले को जल अभावग्रस्त घोषित किया गया है। अब बिना अनुमति के नए नलकूप खनन पर रोक लगा दी गई है। आदेश के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

चोरी के इरादे से घुसे आरोपियों ने बुजुर्ग दंपति की हत्या
जांजगीर-चांपा: ग्राम खपरी में बुजुर्ग दंपति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने चोरी के इरादे से घर में घुसकर पहचान उजागर होने के डर से दंपति की हत्या कर दी।
पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ में अपराध कबूल कराया है और मामले की जांच जारी है।

प्रशासन ने नाबालिग लड़के की शादी रुकवाई
रायगढ़: जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक नाबालिग बालक की शादी रुकवाई गई। जांच में बालक की उम्र 21 वर्ष से कम पाई गई। दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाह टाल दिया गया।