March 3, 2026

धर्मांतरण विधेयक बजट सत्र में संभव, AI समिट प्रदर्शन पर बोले डिप्टी सीएम विजय शर्मा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित धर्मांतरण विधेयक को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने संकेत दिया है कि इसे आगामी बजट सत्र में प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 24 फरवरी को विधानसभा में बजट पेश होना है और उसकी तैयारियां जारी हैं। धर्मांतरण संबंधी विधेयक पर चर्चा चल रही है और संभव है कि इसे इसी सत्र में लाया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

इंडिया AI समिट में प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित India AI Impact 2026 के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन पर भी विजय शर्मा ने प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने इसे “शर्टलेस नहीं, सेमलेस प्रदर्शन” बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई। उनके अनुसार यदि किसी प्रक्रिया में त्रुटि लगती है तो संबंधित मंत्री का विरोध समझ में आता है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में, जहां कई देशों के प्रतिनिधि मौजूद हों, इस प्रकार का प्रदर्शन अनुचित है। उन्होंने इसे निंदनीय करार देते हुए कहा कि हर मंच को राजनीति का माध्यम बनाना उचित नहीं है।

SIR के अंतिम प्रकाशन पर बयान

SIR के अंतिम प्रकाशन को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने की आवश्यक प्रक्रिया है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में समय-समय पर पाई जाने वाली गड़बड़ियों को दुरुस्त करना जरूरी है। कई ऐसे नाम सूची में दर्ज थे जो संबंधित स्थान पर अब नहीं रह रहे हैं। यदि कोई घुसपैठिया है तो उसका नाम सूची से हटना चाहिए। सरकार का उद्देश्य मतदाता सूची को पारदर्शी और अद्यतन बनाना है।