रायपुर। छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग के अंतर्गत आबकारी आरक्षक के 200 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। विभाग ने इन पदों के लिए अंतिम चयन सूची जारी कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा सीधी भर्ती के तहत इन पदों को भरने के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इसके अंतर्गत लिखित भर्ती परीक्षा (ABA25) का आयोजन 27 जुलाई 2025 को किया गया था, जिसका परिणाम पहले ही आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित किया जा चुका है।
व्यापम द्वारा जारी मेरिट सूची के आधार पर दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मापदंड में पात्र पाए गए अभ्यर्थियों में से अंतिम रूप से चयनित उम्मीदवारों की सूची अब जारी कर दी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई है। अभ्यर्थी अंतिम चयन सूची विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।





