May 19, 2026

छत्तीसगढ़ में वित्तीय सिस्टम हुआ डिजिटल: ई-चालान OTC, ऑनलाइन BTR और नई वेबसाइट लॉन्च

रायपुर। संचालनालय कोष एवं लेखा ने राज्य में वित्तीय प्रबंधन प्रणाली को अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनाने के लिए कई नई डिजिटल सेवाओं की शुरुआत की है। इन पहलों का उद्देश्य आम नागरिकों, शासकीय विभागों और अन्य हितधारकों को सरल, सुलभ और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

ई-चालान OTC प्रणाली लागू

इसी क्रम में ई-चालान के तहत OTC प्रणाली को 1 अप्रैल 2026 से लागू कर दिया गया है। अब सभी प्रकार की शासकीय प्राप्तियों का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। नागरिक और संस्थाएं आसानी से चालान तैयार कर राजस्व जमा कर सकेंगे, जिससे भुगतान प्रक्रिया अधिक सहज, समयबद्ध और पारदर्शी होगी।

ऑनलाइन BTR और केंद्रीय कोषालय की शुरुआत

कोषालयों में ऑनलाइन BTR सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे लेखांकन कार्यों में तेजी और सटीकता आएगी।

साथ ही राज्य में एक केंद्रीय कोषालय का भी शुभारंभ किया गया है। इस व्यवस्था के तहत भारत सरकार से प्राप्त राशि का भुगतान SNA SPARSH प्रणाली के माध्यम से अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।

नई वेबसाइट लॉन्च

संचालनालय कोष एवं लेखा की नई वेबसाइट (dta.cg.gov.in) भी लॉन्च की गई है, जहां उपयोगकर्ताओं को विभाग से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी, ऑनलाइन सेवाएं और सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी।

डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगा बढ़ावा

यह पहल राज्य में वित्तीय प्रशासन को आधुनिक स्वरूप देने और डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।