May 16, 2026

छत्तीसगढ़ में 708 करोड़ से 90 किमी फोरलेन सड़कें बनेंगी, यातायात होगा आसान

प्रदेश में सड़क नेटवर्क को मिलेगा बड़ा विस्तार

रायपुर। प्रदेश में बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 15 फोरलेन सड़कों के निर्माण हेतु 708 करोड़ 21 लाख 35 हजार रुपये की मंजूरी दी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत इस राशि से राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 90.5 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा।

इन परियोजनाओं से जहां यातायात सुगम होगा, वहीं जाम की समस्या में कमी आएगी और यात्रा का समय भी घटेगा।

दुर्ग और रायगढ़ में कई बड़े प्रोजेक्ट

दुर्ग जिले में विभिन्न मार्गों के चौड़ीकरण और निर्माण के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें स्मृति नगर से आईआईटी जेवरा सिरसा और मिनी माता चौक से महाराजा चौक जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं।

वहीं रायगढ़ जिले में भी फोरलेन विस्तार के तहत ढिमरापुर से कोतरा चौक, रायगढ़-नंदेली मार्ग और तमनार बायपास जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है।

रायपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर को भी लाभ

रायपुर जिले में अभनपुर एनएच-30, राजिम मेला स्थल से लक्ष्मण झूला तक सड़क निर्माण किया जाएगा।
अंबिकापुर में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किमी सड़क का चौड़ीकरण होगा।
बिलासपुर में कोनी-मोपका बायपास और कोटा-लोरमी-पंडरिया मार्ग को फोरलेन में विकसित किया जाएगा।

जशपुर और कबीरधाम में भी स्वीकृति

जशपुर जिले में पत्थलगांव क्षेत्र की तीन प्रमुख सड़कों के उन्नयन के लिए 36 करोड़ से अधिक राशि मंजूर की गई है।
कबीरधाम जिले में एनएच-30 के एक हिस्से को फोरलेन में अपग्रेड करने और डिवाइडर निर्माण के लिए भी 54 करोड़ से अधिक की स्वीकृति दी गई है।

आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि फोरलेन सड़कों का विस्तार केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के आर्थिक विकास की नींव को मजबूत करेगा।
बेहतर कनेक्टिविटी से कृषि, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी।