September 4, 2026

छत्तीसगढ़ में गौठान, UCC और नक्सलवाद पर सियासत तेज, अमरजीत भगत के आरोपों पर मंत्री राजेश अग्रवाल का पलटवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गौठानों की स्थिति, UCC, सड़कों की बदहाली और नक्सलवाद जैसे मुद्दों को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने एक-एक मुद्दे पर पलटवार किया।

गौठानों की बदहाली पर आमने-सामने कांग्रेस-BJP

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में गौठानों की स्थिति खराब है और मवेशी सड़कों पर आने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरगुजा में एक पंचायत के लोग अपनी समस्या बताने के लिए मवेशियों को लेकर कलेक्ट्रेट तक पहुंच गए थे।

अमरजीत भगत ने कहा कि कांग्रेस सरकार की गोबर खरीदी योजना से लोगों को फायदा मिल रहा था, लेकिन भाजपा सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया।

वहीं मंत्री राजेश अग्रवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि गौठान योजना कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुई थी, लेकिन उनके रखरखाव और चारे के लिए पर्याप्त राशि की स्पष्ट व्यवस्था नहीं की गई थी। वर्तमान सरकार गौठानों की व्यवस्था सुधारने की दिशा में काम कर रही है और आने वाले समय में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

UCC को लेकर भी सियासी वार-पलटवार

UCC लागू करने को लेकर अमरजीत भगत ने सवाल उठाते हुए इसे जनविरोधी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव वाले राज्यों में भाजपा UCC और SIR जैसे मुद्दे उठाती है और चुनाव खत्म होने के बाद इनकी चर्चा बंद हो जाती है।

इस पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस हर अच्छे काम का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि UCC पूरे प्रदेश में लागू होगा और इसका लाभ जनता को मिलेगा।

बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत का दावा

प्रदेश में खराब सड़कों को लेकर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जिन इलाकों में सड़कें ज्यादा खराब हैं, वहां मरम्मत के लिए टेंडर हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष डामर के रेट बढ़ने के कारण मार्च के बाद कई ठेकेदारों ने काम शुरू नहीं किया, जिससे सड़कों की स्थिति खराब हुई।

मंत्री ने दावा किया कि बारिश खत्म होते ही सड़कों का काम शुरू होगा और अगले 4 से 6 महीने में प्रदेश की खराब सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा।

नक्सलवाद पर भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नक्सलवाद को लेकर दिए बयान पर भी मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रमन सिंह के कार्यकाल में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य हुए और स्थिति में सुधार आया।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार और सुरक्षा बलों ने मिलकर नक्सलवाद के खिलाफ काम किया है। उनका दावा है कि छत्तीसगढ़ नक्सलमुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

फर्जी टोल फ्री नंबर से ठगी पर साइबर सेल को सूचना

पर्यटन विभाग के नाम पर फर्जी टोल फ्री नंबर के जरिए ठगी के मामले में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जानकारी मिलते ही संबंधित नंबरों की रिपोर्ट की गई है।

उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से आधिकारिक टोल फ्री नंबर जारी किया गया है और मामले की जानकारी साइबर सेल को भी दी गई है, ताकि फर्जी नंबर के जरिए ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।