रायपुर। सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) के स्थापना दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ को मिले GeM Sustainable Procurement Award को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने GeM पोर्टल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बैज का आरोप- भ्रष्टाचार के लिए दिया गया अवार्ड
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने आरोप लगाया कि GeM पोर्टल को अच्छे काम के लिए नहीं, बल्कि सरकार में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए अवार्ड दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिस पोर्टल पर एक हजार रुपये का सामान लाखों रुपये में खरीदे जाने का खेल हो रहा हो, उसे पुरस्कार कैसे दिया जा सकता है।
बैज ने GeM के जरिए होने वाली सरकारी खरीदी की प्रक्रिया और कीमतों को लेकर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। हालांकि, उनके इन आरोपों पर सरकार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
GeM के 10वें स्थापना दिवस पर मिला सम्मान
बता दें कि सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ को ‘GeM Sustainable Procurement Award’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में राज्य को यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
‘GeM 10: A Decade of Exponential Possibilities’ थीम पर आयोजित समारोह में राज्य सरकारों के लिए निर्धारित ‘प्रीमियर अवार्ड्स – स्टेट गवर्नमेंट फेलिसिटेशन’ श्रेणी के तहत छत्तीसगढ़ को यह सम्मान मिला।
यह पुरस्कार GeM के प्रभावी उपयोग के साथ सरकारी खरीदी के मूल्य और मात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए दिया गया है। वहीं, अब इसी पुरस्कार को लेकर कांग्रेस और सरकार के बीच सियासी घमासान शुरू हो गया है।





