रायपुर। छत्तीसगढ़ में उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश के मध्य हिस्सों में बीते दो दिनों से गर्मी का असर तेज हो गया है, जिससे बिना एसी और कूलर के दिन बिताना मुश्किल हो गया है।
राजधानी रायपुर और दुर्ग संभाग में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को रायपुर सबसे गर्म रहा, लेकिन सोमवार को राजनांदगांव ने 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम से लगातार गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। इसके साथ ही विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिकाओं के सक्रिय रहने से मौसम शुष्क बना हुआ है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है। 15 अप्रैल से प्रदेश के मध्य भागों में हीट वेव या हीट वेव जैसी स्थिति बनने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।





